कोरोना: मैक्स अस्पताल के 2 डॉक्टरों समेत 33 स्टाफ पॉजिटिव

नई दिल्ली दिल्ली के मैक्स हॉस्पिटल, पटपड़गंज के दो डॉक्टरों समेत 33 स्टाफ मेंबर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। सभी को मैक्स साकेत के ईस्ट विंग में बनाए गए कोविड-ओनली वॉर्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। दिलचस्प है कि यमुनापार के बड़े हॉस्पिटल्स में शुमार 400 बेड वाले इस अस्पताल में कोरोना का इलाज नहीं हो रहा है। अस्पताल ने 15 अप्रैल से अपने सभी कर्मचारियों का टेस्ट कराने का फैसला किया था, जिसके तहत ये 33 पॉजिटिव पाए गए हैं। कोरोना पीड़ितों में 2 डॉक्टर, 23 नर्सिंग स्टाफ, टेक्निशियन और सहायक स्टाफ हैं। अस्पताल ने मैक्स पटपड़गंज की 145 नर्सों को एक निजी हॉस्टल में 14 दिन के लिए क्वारंटीन पर रखा हुआ है। इस प्राइवेट हॉस्टल को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। फिलहाल अस्पताल में मरीजों की तादाद कम है, इसलिए बचे हुए स्टाफ से काम चलाया जा रहा है। ईस्ट जिले का स्वास्थ्य विभाग नर्सों के संपर्क में आए लोगों की खोजबीन कर रहा है। 39 नर्सों को किया गया क्वारंटीन इससे पहले मैक्स साकेत में भी एक डॉक्टर समेत तीन स्टाफ मेंबर कोरोना पॉजिटिव मिले थे। इसके बाद वहां की 39 नर्सों को क्वारंटीन कर दिया गया था। इस बीच नोएडा में कोरोना के 14 और मामले सामने आए। इनमें से आठ मामले मेडिकल स्टाफ के हैं। छह मामले सेक्टर 30 स्थित चाइल्ड पीजीआई अस्पताल के हैं। एक सेक्टर 30 जिला अस्पताल का है।


from Delhi News in Hindi: दिल्ली न्यूज़, Latest Delhi Samachar, दिल्ली समाचार, दिल्ली खबरें, Delhi Khabar | Navbharat Times https://ift.tt/2VLQS6t

Comments